मुगलसराय (द पब्लिक मिरर): अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुगलसराय-चकिया मार्ग पर स्थित एक मुरादाबादी बिरयानी की दुकान पर बीती रात शराब के नशे में धुत दबंग युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। आरोपियों पर दुकान में तोड़फोड़, संचालक व बीच-बचाव करने आए लोगों के साथ मारपीट करने और गल्ले से हजारों रुपये लूटने का गंभीर आरोप लगा है। इस पूरे हंगामे का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बिरयानी दुकान पर जमकर हुआ उत्पात
मिली जानकारी के अनुसार, अलीनगर थाना क्षेत्र के मुगलसराय-चकिया मार्ग पर स्थित मुरादाबादी बिरयानी की दुकान पर कुछ युवक आए, जो शराब के नशे में पूरी तरह धुत थे। किसी बात को लेकर युवकों ने अचानक विवाद शुरू कर दिया और देखते ही देखते दुकान में तोड़फोड़ और मारपीट पर आमादा हो गए। दबंगों ने दुकान के संचालक इरफान के साथ बेरहमी से मारपीट की।
बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों को भी पीटा, जान से मारने की धमकी
जब मौके पर चीख-पुकार मची तो आस-पास के लोग और राहगीर बीच-बचाव करने पहुंचे। लेकिन नशे में चूर आरोपियों ने बीच-बचाव करने आए युवकों को भी नहीं बख्शा और उनकी भी जमकर पिटाई कर दी। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि उत्पाद मचाने के साथ ही आरोपी युवक दुकान के गल्ले में रखे लगभग 7 से 8 हजार रुपये नकद लेकर फरार होने की फिराक में थे। जाते-जाते आरोपियों ने पीड़ित और गवाहों को जान से मारने की धमकी भी दी। इस पूरी घटना में तीन लोगों के घायल होने की सूचना है।
मौके पर पहुँची 112 पुलिस, दो आरोपी हिरासत में
दुकान पर हंगामे और मारपीट की सूचना मिलते ही यूपी 112 पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए हंगामा कर रहे दो मुख्य आरोपी युवकों को मौके से ही दबोच लिया और उन्हें हिरासत में लेकर अलीनगर थाने ले आई।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, जांच में जुटी पुलिस
घटना के दौरान वहां मौजूद किसी प्रत्यक्षदर्शी ने पूरे मामले का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह नशे में धुत युवक कानून व्यवस्था को ताक पर रखकर उत्पाद मचा रहे हैं। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए भेज दिया है और वायरल वीडियो व पीड़ित संचालक इरफान की तहरीर के आधार पर मामले की वैधानिक जांच और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।








