भीषण गर्मी के बीच यूपी की जनता को बड़ा झटका, बिजली बिलों में 10% की भारी बढ़ोतरी!
उत्तर प्रदेश में रिकॉर्डतोड़ गर्मी और लू के थपेड़ों से बेहाल जनता को बिजली विभाग ने एक और तगड़ा करंट दिया है। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) ने प्रदेश के करोड़ों उपभोक्ताओं की जेब पर सीधा डाका डालते हुए ईंधन अधिभार शुल्क यानी फ्यूल सरचार्ज में 10% की भारी बढ़ोतरी करने का फैसला किया है।
- फैसला: फ्यूल सरचार्ज में सीधे 10% का इजाफा।
- असर: जून 2026 के बिजली बिल से लागू होगी नई दरें।
- अतिरिक्त भार: हर 100 रुपये के बिल पर करीब 10 रुपये का एक्स्ट्रा बोझ।
सरकारी आदेश के मुताबिक, यह बढ़ोतरी मार्च महीने में बिजली उत्पादन के दौरान आए अतिरिक्त ईंधन खर्च (कोल और गैस) की भरपाई के लिए की जा रही है। इसका सीधा मतलब यह है कि जून के महीने में जब आपके हाथों में बिजली का बिल आएगा, तो वह पहले के मुकाबले काफी भारी होगा।
उदाहरण के तौर पर, अगर किसी मध्यमवर्गीय परिवार का मासिक बिजली बिल ₹2,000 आता था, तो अब उन्हें बिना कोई अतिरिक्त यूनिट खर्च किए भी करीब ₹200 ज्यादा चुकाने होंगे। वहीं कमर्शियल और भारी उद्योगों के लिए यह झटका हज़ारों रुपये का होने वाला है।








