मुगलसराय (चन्दौली)।
मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत शाहकुटी (चमरौटी वार्ड नं० 2) में अज्ञात चोरों ने वरिष्ठ पत्रकार संता सिंह (राजन) के बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना को लेकर पीड़ित पत्रकार ने स्थानीय थाने में तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई और सामान बरामदगी की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से मैनाताली निवासी वरिष्ठ पत्रकार संता सिंह (राजन) का एक मकान शाहकुटी चमरौटी वार्ड नंबर 2 में स्थित है। यह मकान पिछले करीब एक महीने से बंद पड़ा हुआ था। 31 अगस्त की रात लगभग 8 बजे उन्हें मकान में चोरी होने की सूचना मिली। अगले दिन 1 सितंबर को जब वे मौके पर पहुंचे तो देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला सुरक्षित था, लेकिन अज्ञात चोरों ने खिड़की तोड़कर भीतर प्रवेश किया था।
चोरों ने घर के कमरों को पूरी तरह खंगाल डाला और 3 बड़ी अटैचियां (जिसमें नए कीमती कपड़े थे), बिजली के उपकरणों से भरे 3 कार्टन, 5 स्टेबलाइजर, महंगे स्टील व कांच के बर्तन, बैग में रखे कीमती सामान तथा अन्य बहुमूल्य घरेलू सामान चुरा ले गए। चोरी गए सभी सामानों की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
- घटना के संबंध में पीड़ित पत्रकार ने थाना मुगलसराय में लिखित प्रार्थना पत्र देकर निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।













