चन्दौली (मुग़लसराय): पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और ‘बचपन बचाओ आंदोलन’ की टीम ने एक संयुक्त ऑपरेशन चलाकर मानव तस्करी के एक बड़े प्रयास को विफल कर दिया है। टीम ने प्लेटफॉर्म संख्या-7 से 6 नाबालिग बच्चों को एक शातिर तस्कर के चंगुल से छुड़ाया, जिन्हें अवैध रूप से गुजरात ले जाया जा रहा था।
प्लेटफ़ॉर्म नंबर 7 पर घेराबंदी और गिरफ्तारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरपीएफ को सूचना मिली थी कि भागलपुर-सूरत सुपरफास्ट एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 22948 UP) में कुछ बच्चों को ले जाया जा रहा है। जैसे ही ट्रेन डीडीयू जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या-7 पर पहुंची, आरपीएफ और ‘बचपन बचाओ आंदोलन’ की टीम ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेन के पीछे वाले जनरल कोच की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया, जो इन 6 बच्चों को अपने साथ सूरत (गुजरात) ले जा रहा था। पूछताछ में वह बच्चों के साथ अपने संबंधों और उन्हें ले जाने के उद्देश्य के बारे में कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक उत्तर नहीं दे सका।
बच्चों का रेस्क्यू और आगे की कार्रवाई
मुक्त कराए गए सभी 6 बच्चे नाबालिग हैं। आरपीएफ ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बच्चों को सुरक्षित संरक्षण में ले लिया है। नियमानुसार, इन बच्चों को बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष पेश किया जाएगा, जिसके बाद उन्हें उनके परिजनों को सौंपने या शेल्टर होम भेजने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
वहीँ, पकड़े गए तस्कर के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उससे गहन पूछताछ की जा रही है ताकि इस तस्करी रैकेट के अन्य संपर्कों का पता लगाया जा सके।













