मुगलसराय/चंदौली। जनपद के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। मुगलसराय बाईपास गोधना स्थित मेटिस द मेडिसिटी हॉस्पिटल में ‘गैस्ट्रोएंटेरोलॉजी विभाग’ का विधिवत उद्घाटन किया गया। अब क्षेत्र के मरीजों को पेट, लीवर और आंतों से जुड़ी गंभीर बीमारियों के लिए बड़े शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।
वरिष्ठ विशेषज्ञों ने किया शुभारंभ
विभाग का उद्घाटन मुख्य अतिथि श्री शिव तपस्या पासवान (पूर्व विधायक, चकिया एवं डायरेक्टर, पावर ग्रिड) और प्रख्यात वरिष्ठ गैस्ट्रोलॉजिस्ट प्रोफेसर डॉक्टर वी.के. दीक्षित द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया। उद्घाटन समारोह के दौरान चिकित्सा जगत की कई बड़ी हस्तियां मौजूद रहीं।
जिले की पहली अत्याधुनिक एंडोस्कोपी यूनिट
अस्पताल के निदेशक श्री सुभाष चंद्र तुलस्यान और मैनेजिंग डायरेक्टर अभिषेक तुलसियान ने बताया कि यह चंदौली जनपद की पहली ऐसी यूनिट है जो पूरी तरह अत्याधुनिक मशीनों से लैस है। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य स्थानीय मरीजों को कम समय और कम खर्च में विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इस नई यूनिट से सटीक जांच और बेहतर इलाज संभव होगा।
इन बीमारियों का मिलेगा बेहतर इलाज
गैस्ट्रोएंटेरोलॉजी विभाग के शुरू होने से अब अस्पताल में निम्नलिखित समस्याओं का विशेषज्ञ उपचार मिलेगा:
-
पुरानी गैस्ट्रिक और एसिडिटी की समस्याएं।
-
लीवर से संबंधित गंभीर रोग।
-
आंतों की बीमारियां और अल्सर।
-
एंडोस्कोपी के जरिए आंतरिक अंगों की सटीक जांच।
क्षेत्र में हर्ष का माहौल
इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों और चिकित्सा कर्मियों ने अस्पताल प्रबंधन के इस कदम की सराहना की। लोगों का मानना है कि मुगलसराय में इस तरह की विशेषज्ञ सुविधा शुरू होने से आपातकालीन स्थिति में मरीजों की जान बचाने में काफी मदद मिलेगी। कार्यक्रम में भारी संख्या में चिकित्सक, अस्पताल स्टाफ और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: सुरेन्द्र जी, द पब्लिक मिरर













