पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (चंदौली)
प्रकाश नॉर्थ भारतीय समाचार पत्र विक्रेता संघ के प्रदेश महामंत्री भागवत नारायण चौरसिया के नेतृत्व में पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) जंक्शन पर बिहार के गया जिले से आए वरिष्ठ समाचार पत्र वितरकों के एक प्रतिनिधिमंडल का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। संघ के पदाधिकारियों ने गया से पहुंचे वितरकों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
अधिकारों के लिए एकजुटता जरूरी
स्वागत समारोह के दौरान वितरक नेता विमलेश कुमार और ध्रुव राज पंडित ने वितरकों के सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि समाचार पत्र वितरक समाज तक सूचनाएं पहुंचाने में रीढ़ की हड्डी की तरह कार्य करते हैं, लेकिन आज भी वे बुनियादी सुविधाओं और सुरक्षा से वंचित हैं।
नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक सभी समाचार पत्र वितरक संगठित होकर सरकार के समक्ष अपनी सामूहिक ताकत प्रदर्शित नहीं करेंगे, तब तक वितरकों के समग्र कल्याण और उनके अधिकारों की रक्षा संभव नहीं है। उन्होंने सभी वितरकों से अपने हक के लिए एक मंच पर आने का आह्वान किया।
अयोध्या में लगाई कल्याण की अर्जी
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने बताया कि वे अयोध्या में प्रभु श्री रामचंद्र जी के पावन दरबार में हाजिरी लगाने जा रहे हैं, जहां वे देश भर के सभी समाचार पत्र वितरकों की सुख-समृद्धि, सुरक्षा और कल्याण के लिए विशेष प्रार्थना करेंगे।
प्रमुख पदाधिकारियों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर मुख्य रूप से जिला अध्यक्ष विजय जायसवाल, कमलेश विश्वकर्मा, विमलेश कुमार, ध्रुव राज पंडित, रितेश कुमार, रंजीत कुमार, सनी कुमार, रमेश पंडित, नवल पंडित और बृजेश प्रसाद सहित बड़ी संख्या में समाचार पत्र वितरक उपस्थित रहे।














