Home / Uncategorized / मुगलसराय में अपहरण व फिरौती का मामला: 11 वर्षों से फरार ₹50,000 का इनामी बदमाश बिहार से गिरफ्तार

मुगलसराय में अपहरण व फिरौती का मामला: 11 वर्षों से फरार ₹50,000 का इनामी बदमाश बिहार से गिरफ्तार

चंदौली। जनपद चंदौली की मुगलसराय कोतवाली पुलिस और सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने करीब 11 वर्षों से फरार चल रहे ₹50,000 के इनामी वांछित अभियुक्त को बिहार के दानापुर (पटना) से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी वर्ष 2015 के एक चर्चित अपहरण और फिरौती के मामले में वांछित चल रहा था।

2015 में हुआ था युवक का अपहरण

घटना 13 जनवरी 2015 की है, जब मैनाताली (मुगलसराय) निवासी पवन कुमार भारूका के 24 वर्षीय पुत्र पीयूष भारूका का अपहरण कर लिया गया था। छात्र की स्कूटी मानसनगर स्थित केंद्रीय विद्यालय के पास लावारिस हालत में मिली थी। इसके बाद 16 जनवरी को परिजनों के पास फिरौती और जान से मारने की धमकी भरा फोन आया था। पीड़ित की तहरीर पर मुगलसराय थाने में मु०अ०सं० 0043/2015, धारा 364-A व 506 भा०दं०वि० के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

5 आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सर्विलांस व मुखबिर तंत्र की मदद से अपहृत पीयूष भारूका को सकुशल बरामद कर लिया था। इस मामले में पूर्व में 5 अभियुक्तों (तंजीम, कमर रजा, दिलीप कुशवाहा, रेनू सिंह और प्रमोद कुमार कुशवाहा) को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था और चार्जशीट भी दाखिल कर दी गई थी।

दानापुर से हुई गिरफ्तारी

प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहे ₹50,000 के इनामी बदमाश दिलीप कुमार सिंह (पुत्र नागेंद्र सिंह, निवासी ग्राम बनखारा, थाना राजापाकर, जनपद वैशाली, बिहार) की तलाश जारी थी। 19 अगस्त को मुगलसराय पुलिस और सर्विलांस टीम ने सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को दानापुर (पटना) से धर दबोचा।

सराहनीय पुलिस टीम

इस गिरफ्तारी में मुगलसराय थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, सर्विलांस प्रभारी उ०नि० आशीष मिश्रा, जलीलपुर चौकी प्रभारी उ०नि० अजय कुमार, उ०नि० बांकेलाल, कांस्टेबल अभिषेक दूबे और कांस्टेबल राकेश यादव शामिल रहे। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *