Home / Uncategorized / ​डीडीयू नगर: आभूषण कारोबारी को बदमाशों ने मारी गोली, बैग से नगदी लूटकर फरार; विरोध करने पर पिता-पुत्र से हुई गुत्थमगुत्थी

​डीडीयू नगर: आभूषण कारोबारी को बदमाशों ने मारी गोली, बैग से नगदी लूटकर फरार; विरोध करने पर पिता-पुत्र से हुई गुत्थमगुत्थी

डीडीयू नगर (चंदौली)। अलीनगर थाना क्षेत्र के गोधना मोड़ के पास गुरुवार की देर शाम दुस्साहसिक वारदात सामने आई है। दुकान बंद कर घर लौट रहे एक आभूषण व्यवसाई को बाइक सवार तीन बदमाशों ने गोली मार दी। घटना के दौरान व्यवसाई के पुत्र ने बदमाशों से लोहा लेने का प्रयास किया, जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर गुत्थमगुत्थी हुई। बदमाश व्यवसाई के पिट्ठू बैग से नगदी लूटकर फरार होने में कामयाब रहे। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।

​दुकान बंद कर घर लौट रहे थे भाजपा बूथ अध्यक्ष

​मिली जानकारी के अनुसार, मनोहरपुर गांव के निवासी सुजीत कुमार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बूथ अध्यक्ष भी हैं। वह गोधना मोड़ पर आभूषण की दुकान चलाते हैं। गुरुवार की देर शाम करीब आठ बजे वह अपनी दुकान बढ़ाकर बाइक से अकेले मनोहरपुर स्थित अपने घर लौट रहे थे।

​जैसे ही सुजीत मनोहरपुर गांव के रास्ते पर पहुंचे, तभी पहले से घात लगाए बैठे एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उन पर तड़ातड़ फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों द्वारा चलाई गई एक गोली सुजीत के बाएं हाथ में जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।

​जांबाज बेटे ने बदमाशों से लिया लोहा

​संयोगवश, इसी दौरान सुजीत का पुत्र अरुण भी साइकिल से उसी रास्ते से गुजर रहा था और मौके पर पहुंच गया। पिता को खून से लथपथ देख अरुण बदमाशों से भिड़ गया। घायल पिता और पुत्र ने मिलकर बदमाशों को पकड़ने के लिए पूरी ताकत झोंक दी और उनके बीच जमकर गुत्थमगुत्थी हुई। हालांकि, बदमाश भारी पड़े और सुजीत के पिट्ठू बैग में रखी कुछ नगदी लूटकर वहां से भागने में सफल रहे। भागते समय बदमाशों का एक मोबाइल फोन मौके पर ही गिर गया, जिसे ग्रामीणों ने बरामद कर पुलिस के हवाले कर दिया है।

​फायरिंग और लूट की आवाज सुनकर आस-पास के ग्रामीण और परिजन आनन-फानन में मौके पर पहुंचे। घायल सुजीत कुमार को तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए वाराणसी ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया।

​घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी (CO) अरुण कुमार सिंह और अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम शुक्ला भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और ग्रामीणों से पूछताछ कर तफ्तीश शुरू कर दी है।

​इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल

​इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों में पुलिसिया गश्त को लेकर गहरा आक्रोश है। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के कारण स्थानीय निवासियों में दहशत का माहौल व्याप्त है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बदमाशों के छूटे हुए मोबाइल और अन्य सुरागों के जरिए आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं, और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *