चंदौली। उत्तर प्रदेश के चंदौली जिला अंतर्गत दुल्हीपुर क्षेत्र में सोमवार देर शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
शादी समारोह से लौट रहा था दंपति
प्राप्त विवरण के अनुसार, वाराणसी के कोयला बाजार निवासी शाहिद मोहम्मद अपनी 36 वर्षीया पत्नी रुबीना बेगम के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। सोमवार देर शाम जब दोनों मोटरसाइकिल से वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी दुल्हीपुर स्थित चंदनी बाजार मोड़ के पास यह दर्दनाक हादसा हुआ।
सिर के ऊपर से गुजर गया ट्रक का पहिया
चश्मदीदों के मुताबिक, चंदनी बाजार मोड़ के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक (संख्या: HR58 D 8958) ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि रुबीना बेगम सड़क पर गिर गईं और ट्रक का भारी पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक चला रहे उनके पति शाहिद मोहम्मद इस हादसे में बाल-बाल बच गए।
मायके और ससुराल में पसरा मातम: बताया जा रहा है कि मृतका रुबीना बेगम का मायका मुगलसराय क्षेत्र में है, जबकि उनकी ससुराल वाराणसी के कोयला बाजार में थी। जैसे ही इस हादसे की खबर दोनों परिवारों तक पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने की तोड़फोड़, चालक फरार
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने भागने का प्रयास कर रहे आरोपी ट्रक को घेर लिया और उसके शीशे तोड़ दिए। हंगामे का फायदा उठाकर ट्रक चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार होने में कामयाब रहा।
पुलिस बल मौके पर, जांच शुरू
स्थानीय लोगों की सूचना पर तत्काल पहुंची पुलिस टीम ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया।







